
राज्य के 28 जिलों में आयोजित प्रवेश परीक्षा में 81.83 प्रतिशत विद्यार्थी हुए शामिल
परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर किया स्वागत
प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा के निर्देश पर सफलता पूर्वक परीक्षा सम्पन्न
रायपुर। आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रदेश भर के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आयोजित इंट्रेंस एग्जाम सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया है। विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा के निर्देश एवं कड़ी निगरानी में सचिव श्री नरेन्द्र दुग्गा के मार्गदर्शन में परीक्षा का आयोजन किया गया।
परीक्षा में कुल 35,684 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 29,200 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिससे उपस्थिति प्रतिशत 81.83 रहा। परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। परीक्षा परिणाम राज्य स्तर पर घोषित होंगे और काउंसिलिंग पद्धति से प्रवेश दिया जाएगा।
आदिम जाति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 28 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों पर 17,411 बालक और 18,273 बालिका शामिल हुए। एकलव्य शाखा प्रभारी उपायुक्त श्री प्रज्ञान सेठ द्वारा आवश्यक लिखित निर्देश जारी कर अधिकारियों को कार्य सौंपे गए, जिससे परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।



