
रायपुर। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री राज्य की नई औद्योगिक नीति, निवेशक-अनुकूल वातावरण और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं की जानकारी उद्योग जगत और निवेशकों को देंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य में किए गए सुधारों और निवेश प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने के प्रयासों से अवगत कराएंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहित कर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति देना है।
छत्तीसगढ़ में उद्योग, अधोसंरचना, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण तथा खनिज आधारित उद्योगों के क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। नई औद्योगिक नीति के तहत निवेशकों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे राज्य देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री साय हैदराबाद में विभिन्न औद्योगिक समूहों, कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों और संभावित निवेशकों के साथ बैठक कर राज्य में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान नए निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक साझेदारियों की संभावनाओं पर भी मंथन किया जाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु के साथ-साथ जापान और दक्षिण कोरिया में भी निवेशक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन पहलों को उद्योग जगत से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की निवेश प्रोत्साहन पहल और राज्य की नई औद्योगिक नीति के कारण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का छत्तीसगढ़ के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। सरकार के अनुसार अब तक राज्य को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जो आने वाले वर्षों में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा करेंगे।



