——
छत्तीसगढ़

500 से अधिक नागरिकों ने सुना ‘मन की बात’, सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में दिखा उत्साह

       भिलाई। भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला के प्रभारी रामजी भारती एवं भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 18, बूथ क्रमांक 94 स्थित शिव मंदिर परिसर, कॉन्ट्रैक्ट कॉलोनी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वार्ड 17 के पार्षद एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने किया। इस अवसर पर लगभग 500 नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ कार्यक्रम का श्रवण कर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को आत्मसात किया।

       कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक रिंकेश सेन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिरीष अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरी, निहारिका मिश्रा, प्रमोद सिंह, सांसद प्रतिनिधि महेश वर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक, पूर्व महापौर निर्मला यादव, विजय जायसवाल, अजय भसीन, रश्मि सिंह, नितेश मिश्रा, शंकरलाल देवांगन, प्रवीण पाण्डेय, वीरेंद्र यादव, दीपक भोडेकर, सूर्या बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

       अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वर्ण (सोना) की अनावश्यक खरीद में संयम बरतने, पुराने आभूषणों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने तथा विवाह एवं सामाजिक आयोजनों में जागरूकता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों की बचत के लिए वाहनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने का भी आह्वान किया।

       प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नांदेड़ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रेरणादायी उदाहरणों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की सफलता की कहानियाँ साझा कीं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, प्रकृति संरक्षण, खेल संस्कृति एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षा, सहायता और विकास के अवसर पहुँचाना है।

       इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

       कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button