CHHATTISGARH : ट्रेनों से 62 करोड़ का सोना तस्करी! छत्तीसगढ़ तक पहुंचा नेटवर्क?

रायपुर। त्योहारों के बीच विदेशी सोने की तस्करी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की कार्रवाई में 41 किलो विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 62 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में तीन विदेशी नागरिकों समेत 24 लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
हवाई मार्ग छोड़ ट्रेनों का इस्तेमाल?
जांच एजेंसी के मुताबिक, हवाई अड्डों पर सख्त निगरानी के चलते तस्करी से जुड़े गिरोह लंबी दूरी की यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कोलकाता और हावड़ा से मुंबई तक सोना पहुंचाने के नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस मामले में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से जुड़े रेल मार्गों का भी जिक्र है।
हावड़ा स्टेशन से खुला सुराग
जानकारी के अनुसार, हावड़ा रेलवे स्टेशन पर DRI की कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध यात्री पकड़ा गया। जांच में कथित तौर पर पहचान बदलकर यात्रा करने और बांग्लादेश सीमा से अवैध रूप से लाए गए सोने को पहले कोलकाता, फिर रेल मार्ग से मुंबई भेजने का मामला सामने आया।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि सोने को छोटे टुकड़ों में बांटकर या उसका स्वरूप बदलकर ले जाया जाता है, ताकि सामान्य तलाशी में पकड़ना मुश्किल हो।
दिवाली तक बढ़ेगी निगरानी
धनतेरस और दिवाली के दौरान सोने की मांग बढ़ने को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और अन्य एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। प्रमुख स्टेशनों और लंबी दूरी की ट्रेनों में जांच बढ़ाई जा रही है।
अब जांच का अहम पहलू यह है कि इस कथित नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और सोने की सप्लाई किन रास्तों से हो रही थी।



