——
छत्तीसगढ़

DSP कल्पना वर्मा पर उगाही-ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाने वाला दीपक टंडन गिरफ्तार, कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने पकड़ा

बिलासपुर। AI तकनीक से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने तथाकथित न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा। कार्रवाई के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इनमें पोर्टल से जुड़ी आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं।

इन खबरों में AI की मदद से तस्वीरें बदलकर उन्हें गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा था। इससे संबंधित लोगों और संस्थाओं की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

मोबाइल से मिले फोटो-वीडियो की जांच

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रायपुर से उसे गिरफ्तार किया। जब्त मोबाइल की डिजिटल जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका भी जांची जा रही है।

डीएसपी कल्पना वर्मा केस से भी जुड़ा नाम

दीपक टंडन का नाम पूर्व में डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आया था। उसने डीएसपी पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे।

टंडन का दावा था कि चार साल के संबंध के दौरान उसने करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और गहने दिए। उसने डीजीपी और आईजी से शिकायत कर महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने के लिए दबाव बनाने जैसे आरोप भी लगाए थे। ये आरोप टंडन की ओर से लगाए गए थे।

Related Articles

Back to top button