अंतरिक्ष विज्ञान में विद्यार्थियों का दमदार प्रदर्शन: वैज्ञानिक गतिविधियों ने खींचा सबका ध्यान

दुर्ग। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भौतिकी विज्ञान विभाग में भारतीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ । प्राचार्य प्रो. ए. के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत आज अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। चंद्रयान से लेकर गगनयान तक का सफर हमारे वैज्ञानिकों के कड़े परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएं और देश को ‘विकसित भारत’ बनाने में अपना योगदान दें।
तत्पश्चात भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत कौर सलूजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी एवं ISRO से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा उन्हें स्पेस रिसर्च एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सोसायटी इंचार्ज डॉ. अनीता शुक्ला द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरणा दायक उद्बोधन दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार के शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा उनमें सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में एमएससी भौतिकी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा तमन्ना सोनी द्वारा भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं भारत की अंतरिक्ष यात्रा से सम्बन्धित विषय पर शानदार भाषण प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात एमएससी भौतिकी प्रथम सेमेस्टर के छात्र विक्की राय द्वारा “Mission Chandrayaan: India’s Journey to the Moon” विषय पर प्रभावशाली PPT प्रस्तुति दी गई। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के चंद्रयान मिशन एवं चंद्रमा की ओर भारत की वैज्ञानिक यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सोनम यादव एवं छात्र साहिल कुमार द्वारा बीएससी तथा एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा धानवी एवं एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा कल्पना द्वारा किया गया।
आभार प्रदर्शन एमएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा रीति गायकवाड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. जगजीत कौर सलूजा सहित विभाग के सभी प्राध्यापक डॉ. अनीता शुक्ला, डॉ. सीतेश्वरी चंद्राकर, डॉ. अभिषेक मिश्रा एवं डॉ. बृजलता शर्मा तथा एमएससी भौतिकी प्रथम, तृतीय सेमेस्टर एवं बीएससी के विद्यार्थी उपस्थित थे।
