संस्था की पहचान शिक्षा, संस्कार और अनुशासन होती है: आई पी मिश्रा

भिलाई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर श्रीशंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टेक्निकल कैंपस के अद्वैत भवन में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आई. पी. मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्था की वास्तविक पहचान उसके भौतिक विस्तार से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार अनुशासन और बेहतर भविष्य प्रदान करने की क्षमता से होती है।
उन्होंने संस्था की शुरुआत के समय की परिस्थितियों को स्मरण करते हुए कहा कि दृढ, संकल्प, निरंतर परिश्रम और समर्पित शिक्षको एवं कर्मचारियों के सहयोग से संस्था ने निरंतर प्रगति की है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकसित भारत के संकल्प में हम सब सकिय भागीदारी निभाए। विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट शिक्षा, शोध, नवाचार, कौशल विकास और भारतीय ज्ञान परंपरा के समन्वय का प्रमुख केन्द्र बनाने की दिशा में कार्य करें।उन्होने विद्यार्थियों को आव्हान करते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट, कुलसचिव डा. वैभव तिवारी, टेक्निकल कैंपस के डायरेक्टर डा. पी. बी. देशमुख सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन डा. देव्यानी चौवे ने किया।


