खड़गे का केंद्र सरकार पर हमला, 1 नवंबर को दिल्ली में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का ऐलान

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वीडियो संदेश जारी कर महंगाई और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के लोग कमरतोड़ महंगाई से परेशान हैं, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
खड़गे ने अपने संदेश में ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि बड़े पैमाने पर मताधिकार प्रभावित हुआ है और यह सिलसिला अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि करोड़ों भारतीयों के संवैधानिक मताधिकार पर खतरा मंडरा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में ऐसी कार्रवाई प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के कहने पर की गई है। खड़गे ने इन आरोपों के आधार पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की।
1 नवंबर को होगी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली
खड़गे ने घोषणा की कि इस मुद्दे को लेकर 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने देशवासियों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए रैली में भाग लेने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संदेश में विपक्षी दलों की मांगों को दोहराते हुए लोगों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
