रायगढ़: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, होटल में रेप, 45 हजार हड़पे

रायगढ़ – सोशल मीडिया पर प्यार का नाटक कर शादी का झांसा देने और एक युवती की जिंदगी खिलवाड़ करने की सनसनीखेज वारदात छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सामने आई है. पुसौर थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर अदालत के निर्देश पर जेल भेज दिया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बुनगा के रहने वाले 24 वर्षीय अनिल कुमार साव ने वर्ष 2025 में पीड़िता को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी. संपर्क बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसाया, प्रेम का इजहार किया और शादी कर पत्नी बनाने का झूठा आश्वासन दिया.
इसी झांसे में रखकर वह 15 अक्टूबर 2025 को युवती को पटेलपाली कॉलेज के पास बुलाकर एक होटल में ले गया, जहां उसकी मर्जी के खिलाफ उससे शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद शादी का भरोसा देकर आरोपी मई 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा.
हैरानी की बात यह भी है कि शादी की तैयारियों का बहाना बनाकर आरोपी ने पीड़िता से 45 हजार रुपए भी वसूल लिए थे. जब युवती उस पर विवाह के लिए दबाव बनाती, तो वह विवाद कर उसे भगा देता. अंततः आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और जब पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी, तो उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी देना शुरू कर दिया
धोखाधड़ी का अहसास होने पर युवती ने अपने परिवार वालों को पूरी आपबीती सुनाई. परिजनों के मार्गदर्शन में पीड़िता सोमवार को पुसौर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने एक महिला अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज कराकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया.
इसके पश्चात पुसौर पुलिस की टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.



