SAGAR POISONOUS LIQUOR CASE : भाजपा नेता समेत 10 से ज्यादा की मौत, 80+ अस्पताल में …

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब ने कोहराम मचा दिया। बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांव में कथित जहरीली शराब पीने से भाजपा नेता समेत 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से ज्यादा लोग बीमार हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएम के निर्देश के बाद आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को सस्पेंड किया गया और एक अधिकारी को हेडक्वार्टर अटैच किया गया। पुलिस ने भी बंडा थाना प्रभारी और गुगरा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।
कमिश्नर, IG, कलेक्टर और SP समेत प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
सरकार ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने भी मृतकों के परिजनों और बीमार लोगों के लिए अलग से आर्थिक मदद की घोषणा की है।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और प्रशासन अब शराब की सप्लाई चेन और इसके पीछे जुड़े लोगों की जांच में जुटे हैं।



