बैंकिंग फ्रॉड का गजब मामला : SBI में जमा चेक गायब, फिर फर्जी आधार से निकले 4.40 लाख

रायपुर। राजधानी में बैंकिंग दस्तावेजों से कथित छेड़छाड़ कर चेक के जरिए 4.40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि बैंक में जमा उनका अकाउंट पेयी चेक गायब हो गया और बाद में चेक में कथित कुटरचना तथा फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर SBI की संतोषी नगर शाखा से पूरी रकम नकद निकाल ली गई।
संपत्ति के सौदे के बाद जारी हुआ था चेक
शिकायत के मुताबिक आनंद कुसरे ने अपनी संपत्ति के विक्रय का सौदा सोनम वर्मा के साथ किया था। रजिस्ट्री से पहले सोनम वर्मा ने 14 जुलाई 2026 की तारीख वाला चेक नंबर 669171, 4 लाख 40 हजार रुपए की राशि का अकाउंट पेयी चेक आनंद कुसरे के नाम जारी किया था। आनंद ने यह चेक 15 जुलाई को SBI की तात्यापारा शाखा स्थित अपने खाते में संग्रहण के लिए जमा किया था।
बैंक ने बताया- चेक हो गया गुम
आनंद के मुताबिक, उन्होंने 16 जुलाई को बैंक से चेक की स्थिति के बारे में जानकारी ली, लेकिन रकम उनके खाते में जमा नहीं हुई थी। अगले दिन बैंक कर्मचारियों ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि चेक गुम हो गया है और फिलहाल केवल जमा पर्ची उपलब्ध है। इसके बाद 20 जुलाई को बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि चेक की पूरी राशि पहले ही SBI की संतोषी नगर शाखा से नकद निकाली जा चुकी है।
फर्जी हस्ताक्षर से चेक में कुटरचना का आरोप
मामले की जानकारी मिलने के बाद आनंद कुसरे SBI की संतोषी नगर शाखा पहुंचे और चेक तथा भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि चेक के पीछे उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। रकम निकालने वाले व्यक्ति ने चेक से जुड़े रिकॉर्ड में अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज किया था।
आधार कार्ड में नाम सही, फोटो किसी और की
शिकायतकर्ता के अनुसार रकम निकालने के लिए जिस आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसमें नाम आनंद कुसरे का था, लेकिन फोटो किसी दूसरे व्यक्ति की लगी हुई थी। इसके अलावा आधार नंबर और पता भी उनके वास्तविक दस्तावेजों से अलग होने का आरोप है। बैंक प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर CCTV फुटेज का फोटो भी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराया गया, जिसमें रकम निकालने वाले व्यक्ति की तस्वीर दिखाई दे रही है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
आनंद कुसरे ने पुलिस से मामले की जांच कर चेक में कथित कुटरचना, फर्जी दस्तावेज के इस्तेमाल और बैंक से रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता आनंद कुसरे की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, चेक और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।



