कैलाश नगर में गांजे का खेल बेनकाब, युवक गिरफ्तार; करीब 2 किलो गांजा और नकदी जब्त

दुर्ग। थाना मोहन नगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कैलाश नगर स्थित सूर्या होटल के पीछे माल धक्का के पास गांजा बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.953 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये, तथा बिक्री की ₹700 नकद रकम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैलाश नगर में सूर्या होटल के पीछे माल धक्का के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना की तस्दीक और वैधानिक कार्रवाई के लिए मोहन नगर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान तामेश्वर यादव उर्फ भोक्कू (25 वर्ष), पिता बलराम यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 25, ग्रीन चौक बस्ती, पेट्रोल पंप के पीछे, मोहन नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पीले रंग के थैले, जिस पर सुमीत बाजार लिखा था, के अंदर बैंगनी पॉलीथीन में खुला कलीनुमा गांजा और 21 नग एयरटाइट झिल्ली में रखी गांजा पुड़िया बरामद हुईं। इनका कुल वजन 1.953 किलोग्राम पाया गया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹700 नकद भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0692/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) एवं 27(a) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर के सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र तिवारी एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या वितरण की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को दें, ताकि ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।



