——
छत्तीसगढ़रायपुर

नाबालिग ने ब्रेक की जगह दबाया एक्सीलेटर, तालाब में जा गिरी कार

भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित करहीडीह तालाब के पास रविवार सुबह टेस्ट ड्राइव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कार चलाने की कोशिश कर रहे एक नाबालिग ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार में आगे बढ़ी और मिट्टी के किनारे से टकराने के बाद सीधे तालाब में जा गिरी। कार में सवार तीन नाबालिग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।

हादसे के दौरान कार एक बच्चे के बेहद करीब से गुजरी। बच्चे ने दौड़कर खुद को बचाया। वहीं तालाब के पास मौजूद एक बकरी भी कार की चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

तीनों को ड्राइविंग का अनुभव नहीं

जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समीत मिश्रा के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। कार में दो 17 वर्षीय युवक और एक उनसे कम उम्र का नाबालिग मौजूद था। इसी दौरान एक युवक ने वाहन चलाने की कोशिश की। ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब जाने से कार अचानक तेज गति से आगे बढ़ गई और तालाब में जा गिरी।

कार के पानी में पहुंचते ही तीनों नाबालिगों ने तत्काल दरवाजे खोले और बाहर निकल आए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

खरीदने के लिए ली थी टेस्ट ड्राइव

पुलिस के अनुसार, नाबालिगों ने दुर्ग के एक परिचित ऑटो डीलर से कार खरीदने के लिए टेस्ट ड्राइव के तौर पर वाहन लिया था। युवकों ने गाड़ी खरीदने के लिए डीलर को बयाना भी दिया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीनों को वाहन चलाने का अनुभव नहीं था।

पुलिस ने बताया कि हादसे के समय तालाब के आसपास मौजूद एक बच्ची भी कार की चपेट में आने से बच गई। प्रारंभिक जांच में नाबालिगों के नशे में होने की आशंका की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button