प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संवर रही ग्राम मोंगरी की राह


बालोद : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से संवर रही ग्राम मोंगरी की राह
84.53 लाख की लागत से बन रही 1.080 किमी पक्की सड़क, मोंगरी से भाठापारा मार्ग पर वर्षों की कीचड़ व गड्ढों की परेशानी होगी दूर
बालोद, 25 अक्टूबर 2026 ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और बारहमासी सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसी कड़ी में जिले के ग्राम पंचायत मोंगरी में वर्षों से प्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिलने के बाद मौके पर तीव्र गति से कार्य कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत मोंगरी से भाठापारा तक 1.080 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 84.53 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस पक्की सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होने जा रहा है।
बदहाल मार्ग और हादसों से मिलेगी मुक्ति
ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच श्री रोशन लाल सोनवानी ने बताया कि बाजार चौक से हाई स्कूल होते हुए जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से अत्यधिक जर्जर और बदहाल था। बारिश के दिनों में रास्ते में दलदल और गड्ढों के कारण चलना बेहद जोखिमभरा हो जाता था। खराब सड़क के कारण स्कूल आते समय विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को आने-जाने में परेशानी होती थी। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में गर्भवती माताओं एवं गंभीर मरीजों को ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं था। ग्रामीणों की लगातार मांग को संज्ञान में लेते हुए शासन द्वारा 84.53 लाख रुपये की लागत से पक्की सड़क की स्वीकृति देकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, जिससे पूरे गांव में खुशी की लहर है।
अस्पताल और चारपहिया वाहनों की राह हुई सुगम
उपसरपंच श्री खिलेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि पूर्व में पक्की सड़क के अभाव में गांव के इस हिस्से में किसी भी चारपहिया वाहन या एंबुलेंस के आने में समस्या होती थी। उन्होंने कहा कि गांव में पहली बार व्यवस्थित ढंग से इतनी मजबूत सड़क का निर्माण होते देख ग्रामीण बेहद उत्साहित हैं। यह मार्ग बनने के बाद अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं गांव तक बिना किसी बाधा के सीधे पहुंच सकेंगी।
अंतिम छोर के मोहल्ले और स्कूल को सीधा लाभ
वार्ड क्रमांक 12 के निवासी श्री बिसम्भर राम साहू ने बताया कि उनका घर इस सड़क के अंतिम छोर पर स्थित है। मार्ग न होने से दो प्रमुख वार्डों के निवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कष्ट का सामना करना पड़ता था। अब पक्की सड़क तैयार होने से मोहल्लेवासियों के साथ-साथ हाई स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सुगम आवागमन का सीधा लाभ मिलेगा।
ग्राम पंचायत मोंगरी के सरपंच श्री रोशन लाल सोनवानी, उपसरपंच श्री खिलेश्वर प्रसाद साहू तथा वार्डवासी श्री बिसम्भर राम साहू सहित ग्रामवासियों ने गांव की बरसों पुरानी मांग को पूरा कर 84.53 लाख रुपये की लागत से पक्की सड़क की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।



