
रायपुर। कक्षा 1 के बच्चों के लिए 3 माह का खेल आधारित शाला तैयारी के कक्षा संचालन शिक्षा सत्र 2024-25 हेतु कक्षा 1 पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए 10 दिवसीय वर्चुअल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण एससीईआरटी रायपुर द्वारा, संचालक श्री राजेंद्र कुमार कटारा के मार्गदर्शन में 13 मई से 17 मई 2024 एवं 20 मई से 24 मई 2024 तक आयोजित किया गया।
इस 10 दिवसीय वर्चुअल प्रशिक्षण में कक्षा 1 पढ़ाने वाले शिक्षकों का पंजीयन अनिवार्य था, जिसमें लगभग 30,000 शिक्षक पंजीकृत हुए और उन्होंने प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान, प्रशिक्षण में शिक्षकों की उपस्थिति लगभग 13,000 रही एवं यूट्यूब पर व्यू की संख्या 20,000 से अधिक रही। प्रतिदिन आकलन में लगभग 10,000 शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की।
मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से इस वर्चुअल प्रशिक्षण में प्रतिदिन ‘स्कूल रेडीनेस’ कार्यक्रम के संचालन और विभिन्न गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ‘स्कूल रेडीनेस’ कार्यक्रम का परिचय, शिक्षकों के लिए दिशा-निर्देश एवं कार्यक्रम की समय-सारणी, कार्यक्रम के लक्ष्य, कार्यक्षेत्र, गतिविधियाँ, बच्चों के स्वास्थ्य और खुशहाली को बनाए रखना, प्रभावशाली संप्रेषक बनाना, सीखने के प्रति उत्साह एवं अपने आसपास से जुड़ाव, भाषा एवं साक्षरता कौशलों का विकास, संख्यात्मकता, पर्यावरण और वैज्ञानिक सोच, आकलन तथा समावेशी शिक्षा, रचनात्मकता व सौंदर्य विकास हेतु कला व शिल्प गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ के सहायक संचालक डॉ. एम. सुधीश ने शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। एससीईआरटी के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जयभारती चंद्राकर, श्री सुनील मिश्रा, मास्टर ट्रेनर श्री पी.आर. साहू, डॉ. जेस्सी कुरियन, श्रीमती विद्या डागे, श्रीमती प्रीति सिंह, श्रीमती मधु दानी, श्री दीपेश पुरोहित, श्री द्रोण साहू, श्री जागेश्वर प्रसाद साहू ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भास्कर देवांगन ने किया।



