भोपालमध्य प्रदेशविविध ख़बरें

सरपंच और पंचायत सचिव गांव की रीढ़ हैं, उनकी सक्रियता से ही विकास कार्य धरातल पर उतरते हैं – मंत्री वर्मा

सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें

सीहोर जिले के इछावर में सरपंचों एवं पंचायत सचिवों की हुई बैठक

        भोपाल। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा है कि सरपंच और पंचायत सचिव गांव की रीढ़ हैं। उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता से ही विकास कार्य धरातल पर उतरते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्‍व में देश एवं प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। हम सभी को अपने गांव, जिले, प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। मंत्री श्री वर्मा ने सीहोर जिले के इछावर जनपद पंचायत कार्यालय में सरपंचों, पंचायत सचिवों और जनपद अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह बात कही। बैठक का उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा और पंचायतों की जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

        मंत्री श्री वर्मा ने शासन की आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन आदि योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने सरपंच, सचिव को ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने और पंचायत स्तर पर निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

        मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि पंचायतों को मजबूत बनाने और संसाधन उपलब्ध कराने में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। सभी गांवों को पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सरपंच, सचिव एवं अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाएँ, जिससे गांवों को विकास को नई दिशा मिल सके। उन्‍होंने ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्‍यांए सुनी और संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button