——
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में PWD का बढ़ेगा नेटवर्क: 19 नए दफ्तर खुलेंगे; दूरस्थ इलाकों में सड़क-पुल निर्माण की होगी तेज निगरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) अपने प्रशासनिक ढांचे का विस्तार करेगा। राज्य शासन ने विभाग के सेतु परिक्षेत्र में 9 नए कार्यालयों समेत कुल 19 नवीन कार्यालयों और उनके सेटअप को मंजूरी दी है। इनमें ज्यादातर कार्यालय दूरस्थ जिलों में खोले जाएंगे।

सेतु परिक्षेत्र में 9 नए कार्यालय

स्वीकृत कार्यालयों में जगदलपुर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय और रायपुर में कार्यपालन अभियंता सेतु संभाग क्रमांक-2 का कार्यालय शामिल है। इसके अलावा बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव, बालोद, मुंगेली, सारंगढ़ और बैकुंठपुर में सेतु उप संभाग के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय खोले जाएंगे।

इन कार्यालयों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों में पुल-पुलियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की निगरानी स्थानीय स्तर पर हो सकेगी। इससे निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा पर नजर रखने में मदद मिलेगी।

भवन-सड़क के लिए 10 कार्यालय

राज्य शासन ने भवन एवं सड़क निर्माण से जुड़े 10 नए कार्यालयों को भी मंजूरी दी है। इनमें बैकुंठपुर में कार्यपालन अभियंता (कोरिया संभाग) कार्यालय शामिल है। वहीं फरसगांव, ओरछा, डोंगरगांव, डौंडी, धमधा, आरंग, खड़गवां, सोनहत और बलौदाबाजार में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।

दूरस्थ क्षेत्रों में विभागीय कार्यालय बढ़ने से निर्माण परियोजनाओं की मॉनिटरिंग स्थानीय स्तर पर मजबूत होने की उम्मीद है। अधिकारियों की मौजूदगी बढ़ने से सड़क, पुल-पुलिया और सरकारी भवनों से जुड़े कामों में तेजी आने के साथ गुणवत्ता की निगरानी भी बेहतर हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button