CG NEWS: दो किराना दुकानों में हुई चोरी का खुलासा, 4 लाख रुपये नगद संपत्ति बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और मेमोरंडम पर कुल 6 लाख 30 हजार 286 रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार 23-24 अगस्त की दरम्यानी रात संतोष किराना दुकान की टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर चोर अंदर घुसा और करीब 4 लाख रुपये नगद, चांदी के सिक्के व बिस्किट चोरी किए। इसके बाद बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरीके से सेंधमारी कर करीब 90 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान पार कर दिया।
मामले की जांच में पुलिस और साइबर टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध की पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में हुई। घटना के बाद आरोपी फरार होकर नागपुर पहुंच गया था। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए चिचोला बस स्टैंड में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार उसने चोरी की रकम से 19,300 रुपये का सैमसंग मोबाइल खरीदा तथा करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने और खान-पान में खर्च किए। आरोपी से 2.64 लाख रुपये नगद, 1.508 किलो चांदी सहित कुल 6.30 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई। उसे न्यायालय में पेश करने पर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



