छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 24 नए मरीज, एक्टिव केस 108

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश में 24 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। इनमें 87 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 21 मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है। जनवरी से अब तक प्रदेश में 454 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
रायपुर में सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज हैं। मंगलवार को राजधानी में 8 नए मरीज मिले। इसके बाद राजनांदगांव में 6, बिलासपुर में 5, रायगढ़ में 3 और बालोद व जशपुर में एक-एक मरीज मिला। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 52 सैंपल की जांच की, जिसमें 24 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
रायपुर में 38 सक्रिय मरीज
राजधानी रायपुर में फिलहाल 38 सक्रिय मरीज हैं। इनमें 36 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 2 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है। बिलासपुर और राजनांदगांव में 10-10 सक्रिय मरीज हैं। बिलासपुर में 5 मरीज अस्पताल और 5 घर पर उपचार ले रहे हैं। राजनांदगांव में 6 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 4 होम आइसोलेशन में हैं।
कोरबा में 8 सक्रिय मरीज हैं और सभी अस्पताल में भर्ती हैं। दुर्ग में 7 सक्रिय मरीजों में से 6 अस्पताल में हैं। महासमुंद में 7 में से 5 और बालोद में 5 में से 4 मरीज अस्पताल में उपचार करा रहे हैं।
लक्षण दिखने पर जांच की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बुखार, गले में खराश, लगातार खांसी और सांस लेने में परेशानी होने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने कहा गया है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा नहीं लेने की अपील भी की गई है।


