रावण दहन के दौरान हुए विवाद में चाकू से गोदकर युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। विजयादशमी पर रावण दहन के बाद मुड़ापार बाजार के पास हुए विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। हमलावरों ने युवक पर चाकू से करीब आधा दर्जन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपित फरार है। वारदात मुड़ापार बाजार के निकट रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास रात करीब 10:45 बजे हुई।
किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और युवक राहुल उर्फ गोल्डन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। हमले में लहूलुहान युवक मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए ।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। रातभर चले तलाशी अभियान के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।वारदात की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर समेत पुलिस बल ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस विवाद की वजह, हत्या में शामिल लोगों की भूमिका और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपित की तलाश की जा रही है।



