——
छत्तीसगढ़रायपुरविविध ख़बरें

जीजा के घर 37 लाख की चोरी करने वाला साला गिरफ्तार, ऑनलाइन जुए की लत में बना चोर

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कृषि विभाग के एक अधिकारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर के ही सदस्य ने अंजाम दिया था। आरोपी रिश्ते में अधिकारी का साला है, जिसने अपने जीजा के घर से करीब 37 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर टिकरापारा निवासी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग कोंडागांव में है। वह अपने परिवार के साथ कोंडागांव में रहते हैं। रायपुर स्थित उनके मकान के तीसरे तल पर उनका परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है।

28 अक्टूबर की दोपहर घर की साफ-सफाई करने वाली महिला ने मकान में ताला लगाकर चाबी अनिल शर्मा की मां को सौंप दी थी। इसके बाद 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने और चोरी की जानकारी दी। रायपुर पहुंचने पर अनिल शर्मा ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला कटा हुआ था और कमरे में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। अलमारी से सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी रकम गायब थी।

शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम जोन के डीसीपी रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों सहित घर में काम करने वाली महिला से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

जांच के दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसता दिखाई दिया। उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी और उसके ऊपर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही जीजा के घर चोरी की योजना बनाई थी।

कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन तक रुका था। इस दौरान उसे अलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी की जानकारी मिल गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन परिवार के साथ कोंडागांव चली गई है।

इसके बाद आरोपी ने मौका देखकर दीवार फांदी और सीढ़ियों के रास्ते तीसरी मंजिल पर पहुंच गया। अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी तोड़ी और घर के अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवरात जब्त किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष), पिता देवेन्द्र पाण्डेय, निवासी वार्ड क्रमांक 13, पंजाबीपारा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद।

Related Articles

Back to top button