RUSSIA PLAGUE CASE : रूस में प्लेग से मौत? 197 लोग क्वारंटाइन, अब क्या है खतरा

रायपुर। रूस के साइबेरियाई इलाके इरकुत्स्क से प्लेग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। 28 साल की एक लैब टेक्नीशियन की संदिग्ध न्यूमोनिक प्लेग से मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि लैब में सैंपल लेते समय एक टेस्ट ट्यूब टूट गई थी, जिसमें जिंदा बैक्टीरिया मौजूद थे। इसके बाद महिला में गंभीर निमोनिया के लक्षण सामने आए और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एहतियात के तौर पर करीब 197 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है और कई अस्पतालों में रोकथाम के कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल संपर्क में आए लोगों में बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं और शुरुआती जांच के नतीजे नेगेटिव हैं।
न्यूमोनिक प्लेग फेफड़ों को प्रभावित करता है और संक्रमित व्यक्ति के खांसने-छींकने से फैल सकता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह गंभीर और जानलेवा हो सकता है।



