——
छत्तीसगढ़

CHHATTISGARH : जंगल में मिला खतरनाक नक्सल डंप

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद हुआ है। खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते ने विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

यह कार्रवाई कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान हुई। इसमें सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम शामिल थी।

जानकारी के मुताबिक, गोवरमुंडा इलाके में एक पुलिया के पास जवानों को संदिग्ध सामग्री मिली। इसके बाद आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर विशेषज्ञों को बुलाया गया। जांच के दौरान जमीन में दबाकर रखा गया नक्सल डंप सामने आया।

डंप में क्या-क्या मिला?

सुरक्षाबलों ने 2.5 किलोग्राम की एक टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर और 15 खाली खोखे बरामद किए। मौके से दवाइयां और रोजमर्रा के इस्तेमाल की दूसरी सामग्री भी मिली।

पुलिस के अनुसार, विस्फोटकों को दूसरी जगह ले जाना जोखिम भरा हो सकता था। इसलिए बम निरोधक दस्ते ने तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत नियंत्रित विस्फोट कर टिफिन आईईडी और चार यूबीजीएल राउंड को नष्ट कर दिया।

नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच इस बरामदगी से जंगलों में छिपे पुराने विस्फोटकों से संभावित खतरे को कम करने में मदद मिली है। सीआरपीएफ ने इलाके में तलाशी और नक्सल विरोधी अभियान जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button